बोकारो, ( संवाददाता) : बोकारो में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया ,शहर के कई इलाकों से गुजरी यात्रा में राहुल गांधी का लोगों ने खूब स्वागत किया। राहुल गांधी ने लोगों से कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान कांग्रेस पार्टी खोलती है। धनबाद के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बोकारो में आई। तेलमोछो में कांग्रेसियों ने रथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया तेलमोछो से शुरू हुई उनकी यात्रा सबसे पहले जोधाडीह मोड़ , चास होते हुए गुजरी। जहां पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ साथ उनके समर्थकों के द्वारा राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया। बता दें रविवार को धनबाद के रास्ते से होकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा बोकारो में प्रवेश किया था। भारत जोड़ो यात्रा का हुजूम पहुंचा। जहां फूलों से राहुल गांधी का उनके समर्थकों ने स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी की यात्रा आगे बढ़ गई और भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नयामोड़ में भी जोरदार स्वागत किया गया। यहां पर कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ,बोकारो जिला अध्यक्ष उमेश प्रसाद गुप्ता ,कांग्रेस के महासचिव श्वेता सिंह समेत पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया।
उनके काफिले के साथ जिला प्रशासन की टीम सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही। शहर के जायका रिसॉर्ट में राहुल गांधी के पहुंचने के साथ ही पार्टी के नेता उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आतुर नजर आए। राहुल गांधी अपने नेताओं को बीच-बीच में नसीहत देते नजर आए। अपने वाहन से पार्टी के कार्यकर्ताओं और लोगों को राहुल गांधी ने संबोधित किया। उन्होंने बोकारो के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने इस यात्रा में जान डाली है। पिछले साल ही हमने कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। इसका लक्ष्य देश को जोड़ने का काम, जो नफरत और हिंसा बीजेपी और आरएसएस के लोग देश में फैला रहे हैं, उसके खिलाफ खड़े होने का था, राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में फैले नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान कांग्रेस पार्टी खोलती है। इस बार मणिपुर से महाराष्ट्र हमने यात्रा कर रहे हैं। इस बार जो हमने यात्रा की है, उसमें हमने न्याय यात्रा जोड़ दी है। न्याय शब्द जोड़ने के दो तीन कारण हैं। सबसे बड़ा कारण है देश में होने वाले आर्थिक अन्याय को लेकर है, चुने हुए दो तीन अरबपतियों को देश की और लोगों पूरी पूंजी सौंपी जा रही है। दूसरा कारण है, जीएसटी और नोटबंदी। इन दो चीजों के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी है। बीजेपी की सरकार नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है, इन सभी मुद्दों के खिलाफ यह न्याय यात्रा है।
राहुल गांधी ने कहा कि पब्लिक सेक्टर में दलित, ओबीसी और आदिवासियों को रोजगार मिलता था, उन सबको एक के बाद एक प्राइवेटाइज किया जा रहा है। यह पब्लिक सेक्टर यूनिट हिंदुस्तान की जनता की प्रॉपर्टी है।नरेंद्र मोदी की सरकार दो-तीन अरबपतियों को पूरी पूंजी पकड़ा रही है। झारखंड में जो दो-तीन स्टील फैक्ट्री है, वह सभी मोदी सरकार अपने पूंजीपतियों के हाथ में पकड़ा देंगे।उन्होंने कहा कि आदिवासी भाइयों की जंगल और जमीन की रक्षा कांग्रेस करती है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हम पेसा कानून लेकर आए, इसके साथ ही जमीन अधिग्रहण बिल भी देश में लेकर आए हैं। हम आदिवासियों से कहना चाहते हैं कि हम आपके साथ खड़े हैं। आदिवासियों के शिक्षा स्वास्थ्य और रोजगार के लिए हम 24 घंटे काम करेंगे। इन चीजों को हम करके दिखाएंगे।इधर, यात्रा में साथ रहे कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बताया कि बोकारो इस्पात शहर के नाम से भी प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि जब लोग कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 70 वर्षों में क्या किया। भिलाई, राउरकेला, दुर्गापुर, भाखड़ा नांगल, बोकारो, धनबाद, बरौनी, सिंदरी- ये सभी भारत के आर्थिक विकास के स्मारक हैं। बोकारो में दोपहर के भोजन के लिए रुकने के बाद यात्रा दोपहर करीब दो बजे जेना मोड़ से फिर शुरू होगी। राहुल गांधी रविवार को रामगढ़ जिले में रात्रि विश्राम के लिए रुकेंगे। यात्रा दो चरणों में आठ दिन तक राज्य के 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।