लोकतंत्र की हत्या करने वाले भाजपाई आज जयप्रकाश नारायण के हिमायती बन रहें हैं: उमेश सिंह कुशवाहा
6/25/2023 09:20:00 am
0
पटना : जद(यू.) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोकतंत्र के हत्यारों को जयप्रकाश नारायण जी का नाम लेने का कोई हक नहीं है। जिस लोकतंत्र की पुर्नस्थापना के लिए जयप्रकाश नारायण ने आजीवन संघर्ष किया आज उसी लोकतंत्र की बुनियाद को भाजपा की सरकार द्वारा सरेआम ध्वस्त किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा नेता सुशील मोदी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि खुद को जेपी का शिष्य कहने वाले सुशील मोदी जी आज अपने ही सरकार द्वारा किए जा रहे लोकतंत्र के चीरहरण पर मौन हो गए हैं। जेपी के सिद्धांतों पर चलने वाला सच्चा व्यक्ति कभी भी संविधान और लोकतंत्र से समझौता स्वीकार नहीं कर सकता है मगर सुशील मोदी जी पद और कद के स्वार्थ में तमाम नैतिक मूल्यों का त्याग चुकें हैं। श्री कुशवाहा ने कहा कि हमारा देश आज आपातकाल के भी बुरे दौड़ से गुजर रहा है। अगर सुशील मोदी जी अपनी सरकार के किसी नीति का विरोध कर दें तो कल उनके दरवाजे पर भी ईडी और सीबीआई धावा बोल देगी। इसी डर से सबकुछ जानते हुए भी सुशील मोदी जी खामोश रहते हैं। मौजूदा केंद्र की सरकार इतनी असहिष्णु और संवेदनहीन हो चुकी है कि असहमति की आवाज को सुनना तक मुनासिब नहीं समझती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की सभी विपक्षी पार्टियां लोकतंत्र की पुनः बहाली के लिए जयप्रकाश नारायण जी के विचारों से प्रेरित होकर उनके पदचिन्हों पर चल रही है। जब तक देश में समाजवादी ताकतें जिंदा है तब तक सामंतवादी ताकतों द्वारा संविधान बदलने का मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।